
चंडीगढ़ के जीएमएसएसएस सेक्टर-26 क्रिकेट ग्राउंड में खेले गए मुकाबले में बिहार ने हिमाचल प्रदेश को 10 रन से मात दी। टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बिहार ने 20 ओवर में 137/5 रन बनाए। हिमाचल प्रदेश की टीम मात्र 127/9 रन पर सीमित रह गई।
बिहार की शुरुआत निक्की कुमारी (8 रन) और यशिता सिंह (1 रन) ने की, दोनों जल्दी आउट हुए। इसके बाद खुशबू सी. कुमारी (36* रन) और कप्तान वैदेही यादव (73 रन) ने 113 रनों की मजबूत साझेदारी कर टीम का स्कोर मजबूत किया। वैदेही ने 51 गेंदों में 12 चौके और 1 छक्का लगाया।
हिमाचल प्रदेश की ओर से साक्षी ठाकुर ने 4 ओवर में 3 विकेट लिए जबकि मनीषा डी ने 2 विकेट चटकाए। लक्ष्य का पीछा करते हुए हिमाचल की टीम ने शुरुआत में कई विकेट जल्दी खो दिए। कप्तान नैन्सी शर्मा 1 रन बनाकर जल्दी आउट हुईं। देवांशी आर. वर्मा ने 54 गेंदों में 65 रन बनाए, लेकिन टीम लक्ष्य से 10 रन पीछे रह गई।
बिहार की गेंदबाजी में कोमल आर. कुमारी ने 4 ओवर में 27 रन दिए, वहीं आर्या, वैदेही यादव और तेजस्वी ने मिलकर 6 विकेट लिए। विकेटकीपर निक्की कुमारी ने फील्डिंग में 2 स्टंपिंग और 2 रन आउट से टीम की जीत में अहम योगदान दिया।
इस जीत के साथ बिहार की टीम ने टूर्नामेंट में अपनी स्थिति मजबूत कर ली है। बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फील्डिंग तीनों में टीम का बेहतरीन संतुलन देखा गया है, जो आगे के मैचों के लिए सकारात्मक संकेत है।
प्रशांत कुमार ‘प्रणय’
मैच डिटेल्स:
- टूर्नामेंट: वुमेंस अंडर 23 टी20 ट्रॉफी एलाइट
- मुकाबला: बिहार vs हिमाचल प्रदेश
- टॉस: हिमाचल प्रदेश ने टॉस जीतकर गेंदबाजी का फैसला किया
- मैदान: जीएमएसएसएस सेक्टर-26, चंडीगढ़
- ऑन-फील्ड अम्पायर: अली असगर, रूपेश खड्गी
- रेफरी: Astha Mathur
- परिणाम: बिहार ने 10 रन से मुकाबला जीत’